बारिश के दिनों में मच्छर ने बढ़ाई आम लोगों की परेशानी, मच्छर मुक्त नहीं हो रहा शिवरीनारायण नगर

शिवरीनारायण :- बदलते मौसम से मच्छरों का प्रकोप नगर में बढ़ने लगा है। शाम होते ही मच्छरों का आतंक फैल जा रहा है। इस कारण बीमारियों के फैलने की भी आशंका बढ़ गई है। इसके अलावा नगर के जगह- जगह गंदगी भी मच्छरों के पनपने की मुख्य वजह है। नगरवासी मच्छरों से बचाव के लिए हर तरह का प्रयोग कर रहे हैं। नगर के वार्ड के मोहल्ले में कूड़ो के ढेर लगे हुए है नगर में गंदगियों से तमाम तरह की समस्या उत्पन्न होती है। वहीं संध्या होते ही लोगों का किसी भी स्थान पर बैठना मुश्किल हो जाता है। घर हो या दुकान, हर जगह मच्छरों का आतंक बढ़ गया है। शाम होते ही मच्छरों का हमला शुरू हो जाता है। इसके चलते संक्रमण का खतरा, मंडराने लगा हैं। उधर चिकित्सकों के अनुसार मच्छर मारने वाले क्वायल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। लोगों की मानें तो मच्छरों के बचाव को निजी इंतजाम नहीं किए जाएं तो घंटे दो घंटे भी लोग शांति से बैठ नहीं सकते।
घर के बजट में शामिल हो चुका है क्वॉइल और लिक्वड का खर्च नगर में मच्छरों का आंतक इस कदर है कि हर माह घर में खर्च होने वाले बजट में मच्छर भगाने वाला क्वाइल और लिक्वड का खर्च भी शामिल हो चुका है। घर में लोग भले ही कुछ दूसरा सामान लेना भूल जाएंगे लेकिन इन दोनों सामानों को खरीदना नहीं भूलेंगे क्योंकि इसके पीछे एक रात भी गुजारना मुश्किल हो जा रहा है।
इधर नगर में कई वार्ड में गंदे पानी का जमावड़ा दूसरी ओर न तो नगर में फॉगिंग हो रही है और न ही मच्छरों को पनपने से रोकने लार्वा हिट या इस तरह का कोई इंतजाम होता नज आ रहा है। इधर विडंबना यह है कि नगर पंचायत नगर में पानी निकासी का भी इंतजाम नहीं कर पा रहा है। बारिश के बाद अब नगर के केरा चौक और कई प्रमुख जगहों सहित नगर के हर वार्डो में खाली पड़े स्थानों में गंदे पानी सहित कचरों का का जमावड़ा है जहां से मच्छर पनप रहे हैं और लोगों को जीना मुहाल कर दे रहे हैं। नगर पंचायत द्वारा फॉगिंग मशीन से नगर में कुछ हद तक मच्छरों के आंतक से छुटकारा पाया जा सकता है।