
बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को एक भीषण रेल हादसा हो गया। लालखदान स्टेशन के पास रायगढ़ से आ रही मेमू ट्रेन खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई, जिससे ट्रेन के डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से 30 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली स्थित वार रूम से घटना की जानकारी ली और तत्काल राहत कार्यों के निर्देश दिए। उन्होंने मुआवजा राशि की घोषणा करते हुए कहा—
- मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख
- गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख
- सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख सहायता दी जाएगी।
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
- मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख
- घायलों को ₹50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
रेल प्रशासन ने बताया कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर डटे हुए हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।




