कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर में किसान सम्मेलन कार्यक्रम का शुभारंभ

कृषि विज्ञान केन्द्र में कृषक संगोष्ठी एवं कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी का किया गया आयोजन
जांजगीर, 11 फरवरी 2026। जाज्वलय देव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला में कृषि विज्ञान केंद्र, जांजगीर में आज प्रातः 10 बजे किसान सम्मेलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिले भर से आए किसानों ने कार्यक्रम में अपनी हिस्सेदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने ग्रीष्मकालीन उन्नत किस्मों की कार्यशाला, ग्रीष्मकालीन उद्यानिकी फसल, बीज उत्पादन, आधुनिक खेती तकनीक, उन्नत बीज, जैविक खेती, फसल संरक्षण एवं नवीन कृषि उपकरणों की जानकारी प्रदान की। किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के उपाय भी बताए गए। इस दौरान जांजगीर-चांपा विधायक श्री ब्यास कश्यप ने कृषि विज्ञान केंद्र, जांजगीर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय में किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उन्नत बीज, जैविक खेती, फसल विविधीकरण और नवीन कृषि उपकरणों के उपयोग से उत्पादन बढ़ाया जा सकता है तथा किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार और जागरूकता ही आत्मनिर्भर एवं समृद्ध किसान की दिशा में सबसे बड़ा कदम है। इस अवसर पर श्री राजकुमार साहू जिला पंचायत सभापति, श्री गुलाब सिंह चंदेल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर श्री बिशुन कश्यप, श्री शिव तिवारी, श्री दुष्यंत सिंह एवं श्री संदीप तिवारी उपस्थित रहे।




