
रायपुर। प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार को ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना–2026’ का शुभारंभ करने जा रहे हैं। इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ के निम्न दाब घरेलू, एकल बत्ती कनेक्शन और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को बिजली बिल के बकाया भुगतान में बड़ी राहत दी जाएगी।
यह योजना छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य निम्न और मध्यम आय वर्ग के साथ-साथ किसानों को बिजली बिल के बकाए से राहत देना है।
अटल बिहारी वाजपेई सभागार में होगा शुभारंभ
योजना का शुभारंभ रायपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर के अटल बिहारी वाजपेई सभागार में किया जाएगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कमर ने बताया कि इस योजना के तहत तीन श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लाभ दिया जाएगा।
तीन श्रेणियों के उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
योजना के अंतर्गत तीन प्रकार के उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है
- 31 मार्च 2023 की स्थिति में निष्क्रिय उपभोक्ताओं के लिए समाधान योजना।
- सक्रिय एकल बत्ती कनेक्शन धारक उपभोक्ताओं के लिए समाधान योजना।
- सक्रिय अशासकीय घरेलू और अशासकीय कृषि उपभोक्ताओं के लिए समाधान योजना।
बकाया राशि पर मिलेगी बड़ी छूट
इस योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को बिजली बिल के अधिभार (सरचार्ज) में 100 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। वहीं मूल बकाया राशि में भी अधिकतम 75 प्रतिशत तक छूट का प्रावधान रखा गया है।
पंजीयन कराना होगा अनिवार्य
योजना का लाभ लेने के लिए पात्र उपभोक्ताओं को पहले पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के समय बकाया राशि का कम से कम 10 प्रतिशत भुगतान करना अनिवार्य रहेगा। इसके बाद शेष राशि को किश्तों में जमा किया जा सकेगा और अगली किश्तों पर किसी प्रकार का अधिभार नहीं लगेगा।
यह योजना 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी, जिससे प्रदेश के हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।




