क्राईम (अपराध)छत्तीसगढ़बिलासपुर

पामगढ़ का युवक निकला ठग! प्रेमजाल में फंसाकर महिला से 8 लाख और जेवर हड़पे

बिलासपुर :- कोरबा की एक महिला को प्रेमजाल में फंसाकर जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र के डूडगा निवासी युवक ने करीब 8 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ने पहले महिला को शादी का भरोसा दिलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, फिर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए और सोने के जेवरात हड़प लिए। पीड़िता की शिकायत पर बिलासपुर के तोरवा थाने में आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी महिला की वर्ष 2023 में एक मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र के डूडगा निवासी पवन यादव (पिता – शंकरलाल यादव) से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शादी करने की सहमति बन गई। इसके बाद वर्ष 2024 में दोनों की पहली मुलाकात बिलासपुर में हुई, जिसके बाद दोनों के बीच लगातार संपर्क और मुलाकातें होने लगीं।

इसी दौरान आरोपी ने महिला को भरोसे में लेकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने महिला को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसके लिए साढ़े तीन लाख रुपए की मांग की। शादी होने की बात पर भरोसा कर महिला ने आरोपी को 3 लाख 50 हजार रुपए नकद दे दिए।

इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बहाने बनाकर महिला से करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवर भी ले लिए। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला को कोरबा आने के बजाय हर बार बिलासपुर ही बुलाता था। बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र स्थित एक होटल में दोनों अक्सर रुकते थे, जहां आरोपी ने महिला से शारीरिक संबंध बनाए और वहीं पैसे व जेवर भी ले लिए।

जब महिला को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ तो उसने बिलासपुर के तोरवा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी पवन यादव के खिलाफ ठगी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!