जांजगीर-चांपा में महिला थाना का शुभारंभ, महिला सुरक्षा को मिला नया संबल

जांजगीर-चांपा। जिले में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज 31 मार्च 2026 को महिला थाना जांजगीर का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग (IPS) द्वारा फीता काटकर थाने का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान परिवार परामर्श से जुड़े काउंसलरों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं समाज में पारिवारिक विवादों के समाधान हेतु दिए जा रहे योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं आईडी कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। आईजी ने काउंसलरों की भूमिका को समाज में सौहार्द एवं समरसता बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर जिले की महिला कमांडो टीम की भी सराहना की गई। आईजी द्वारा टीम के साहस, अनुशासन एवं उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रेरित किया गया।
आईजी बिलासपुर ने जिले के प्रेस प्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण भेंट कर पुलिस की प्राथमिकताओं एवं महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साझा की। उन्होंने कहा कि महिला थाना महिलाओं को त्वरित न्याय एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।
साथ ही, आम नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने हेतु “संचार साथी” मोबाइल एप एवं पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके माध्यम से नागरिक संदिग्ध कॉल, मैसेज की शिकायत, खोए मोबाइल की रिपोर्ट एवं अन्य डिजिटल सुरक्षा सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
आईजी द्वारा साइबर थाना जांजगीर का निरीक्षण भी किया गया, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही, साइबर जागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिले के गणमान्य नागरिकों को भी सम्मानित किया गया। आईजी ने समाज में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं।
इसके अतिरिक्त, आईजी ने जिले के आदिवासी गोड़ समाज के लोगों से भेंट कर उनके द्वारा शराब निर्माण छोड़ स्वरोजगार अपनाने की सराहना की। उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा उपयोग किए जा रहे ड्रोन कैमरे का निरीक्षण कर उसके सुरक्षित उपयोग एवं रखरखाव के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।
इस गरिमामय अवसर पर कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS), शक्ति एसपी श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (IPS) सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




