क्राईम (अपराध)छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

बुजुर्ग दंपत्ति हत्याकांड का पर्दाफाश, जांजगीर पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई गुत्थी

जांजगीर-चांपा, 03 अप्रैल 2026। जिला जांजगीर-चांपा पुलिस ने ग्राम खपरी में हुए बुजुर्ग दंपत्ति के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मात्र 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना मुलमुला एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

दिनांक 01 अप्रैल 2026 की सुबह ग्राम खपरी में संतराम साहू (70 वर्ष) एवं उनकी पत्नी श्यामबाई साहू (65 वर्ष) के शव उनके घर में खून से लथपथ अवस्था में मिले थे। घटना की सूचना पर थाना मुलमुला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड एवं फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की सहायता से जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान संदेही गजेन्द्र पाल दिनकर को उसके ससुराल ग्राम नवागांव (थाना मल्हार) से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार किया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने चोरी की नीयत से घर में प्रवेश किया था। पहचान छिपाने के लिए मास्क, टोपी और नकली बालों का उपयोग किया गया था। घर में विरोध होने पर बुजुर्ग दंपत्ति पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई तथा सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें गजेन्द्र पाल दिनकर (24), सुरेन्द्र यादव (25), श्यामरतन दिनकर (53) एवं विजेन्द्र पाल दिनकर (26) शामिल हैं।

घटना में प्रयुक्त दो चाकू, सोने का हार, चांदी की पायल तथा मोटरसाइकिल (CG 11 AW 0357) को पुलिस ने जप्त किया है।

पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक जांच एवं सतत कार्रवाई के चलते यह गंभीर मामला शीघ्र सुलझा लिया गया। जिला पुलिस ने इसे एक बड़ी सफलता बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!