क्राईम (अपराध)छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपापामगढ़

राहौद में दिनदहाड़े किसान से ढाई लाख की लूट, साइकिल सवार से थैला छीनकर फरार हुए बदमाश

जांजगीर-चांपा।  पामगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत राहौद में शुक्रवार 13 फरवरी को दिनदहाड़े एक किसान से ढाई लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गोपेश्वर कुमार पटेल (50 वर्ष) निवासी राहौद, दोपहर करीब 12 बजे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की पामगढ़ शाखा से ₹2,50,000 (ढाई लाख रुपये) नगद आहरण करने गए थे। यह राशि उन्होंने गांव के श्याम चंदेल से घरेलू कार्य हेतु उधार ली थी, जिसके लिए श्याम चंदेल द्वारा उनके नाम चेक दिया गया था।

करीब 1 से 2 बजे के बीच बैंक से रकम निकालने के बाद गोपेश्वर पटेल अपने परिचित मिथिलेश के साथ वापस राहौद लौटे। राहौद पहुंचने पर उन्होंने ग्रामीण बैंक के पास खड़ी अपनी साइकिल ली और नगदी से भरा थैला साइकिल के हैंडल में टांगकर घर की ओर रवाना हो गए।

जब वे वार्ड क्रमांक 14 में दो तालाब के बीच के मार्ग से गुजर रहे थे, तभी सामने से आए दो अज्ञात युवकों ने उनकी साइकिल रोककर थैला छीनने का प्रयास किया। इससे पहले कि गोपेश्वर कुछ समझ पाते, बदमाश नगदी से भरा थैला छीनकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना तत्काल राहौद पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपी पकड़ में नहीं आ सके हैं। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व संभावित रास्तों के आधार पर बदमाशों की पतासाजी की जा रही है।

इस घटना से राहौद सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!