
पामगढ़, 25 मार्च 2025। ग्राम पंचायत मेंऊ के अंतर्गत आने वाले मेंऊभाठा बस स्टैंड क्षेत्र में महुआ और देसी शराब की खुलेआम बिक्री का सिलसिला लगातार जारी है। सुबह 5 बजे से ही अवैध शराब का यह कारोबार शुरू हो जाता है, जो देर शाम तक चलता रहता है। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ पामगढ़ पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है, फिर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह अवैध नेटवर्क मेंऊ से शुरू होकर सेमरिका तक फैला हुआ है। साथ ही, मेंऊभाटा से लगे बारगांव नहर के पास भी खुलेआम महुआ और देसी शराब की बिक्री की जा रही है। यहां भी बेखौफ तरीके से कारोबार संचालित हो रहा है, जिससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को और बढ़ावा मिल रहा है।
शराब की बिक्री सार्वजनिक स्थलों जैसे बस स्टैंड, चौक-चौराहों, रास्तों के किनारे और नहर के आसपास खुलेआम हो रही है। इससे आम लोगों में असुरक्षा और असहजता का वातावरण बन गया है, खासकर महिलाओं और स्कूली बच्चों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक बन गई है।
सबसे गंभीर बात यह है कि क्षेत्र में इस खुलेआम चल रहे नशे के कारोबार के बावजूद पामगढ़ पुलिस की ओर से न तो कोई दबिश दी गई और न ही किसी तरह की कार्रवाई नजर आई। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों में यह भावना गहराती जा रही है कि प्रशासनिक संरक्षण के बिना इतनी बेधड़क तस्करी संभव ही नहीं है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि पामगढ़ पुलिस इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कब और कितना गंभीर कदम उठाती है।




