
मुलमुला। आदर्श थाना मुलमुला क्षेत्र में 14 मार्च को हुई बाइक लूट की घटना के 15 दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। घटना को लेकर क्षेत्र में लगातार असुरक्षा और आक्रोश का माहौल बढ़ता जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सलखन निवासी 26 वर्षीय दिनेश कुमार यादव 14 मार्च की रात अपने ससुराल मुलमुला से लौट रहे थे। रात लगभग 9:50 बजे वे ग्राम मुलमुला और नंदेली के बीच फुलसागर तालाब के पास मुख्य मार्ग पर रुके थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और अचानक उन पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने पीड़ित की गर्दन पकड़कर उसे नीचे गिराया और मारपीट करते हुए उसकी मोटरसाइकिल (बजाज NS पल्सर, CG 11 BT 2468) लूटकर व्यासनगर की ओर फरार हो गए। घटना की शिकायत अगले दिन मुलमुला थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने धारा 309(4) व 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
हालांकि 15 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं और अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी या ठोस सुराग सामने नहीं आया है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली और जांच की गति पर सवाल उठ रहे हैं।
रात्रि पेट्रोलिंग के दावे, लेकिन परिणाम शून्य
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस द्वारा नियमित रात्रि पेट्रोलिंग के दावे किए जाते हैं, लेकिन घटना के बावजूद अपराधियों का आसानी से फरार हो जाना कई सवाल खड़े करता है। घटना के बाद पुलिस टीम द्वारा कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की गई, लेकिन कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया।
अनसुलझे मामलों से बढ़ रही चिंता
मुलमुला थाना क्षेत्र में इससे पहले भी कई चोरी, लूट और मारपीट के मामले लंबित और अनसुलझे पड़े हैं। लगातार मामलों के लंबित रहने से आम जनता में भय और असंतोष का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह मामलों में तेजी नहीं लाई गई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।




