छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण

मरीजों से सीधा संवाद कर कलेक्टर ने लिया स्वास्थ्य सेवाऐं एवं दी जा रही सुविधाओं का जानकारी

आपातकालीन सेवाओं से लेकर डायलिसिस यूनिट तक कलेक्टर ने की समीक्षा, व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश

निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण, प्रगति की समीक्षा

जांजगीर-चाम्पा 31 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज जिला चिकित्सालय जांजगीर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों, इकाइयों एवं सेवाओं का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, संसाधनों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया।

कलेक्टर ने आपातकालीन वार्ड में भर्ती मरीजों की स्थिति, उपचार की प्रक्रिया, डॉक्टरों एवं स्टाफ की उपलब्धता तथा बेड की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा बेड की कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों, इसके लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए। इसके पश्चात कलेक्टर ने चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर एवं विभिन्न वार्ड का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा का आकलन किया। साथ ही चिकित्सालय में आवश्यक सुधार एवं कमियों की जानकारी लेकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ऑपरेशन थिएटर एवं एनआईसीयू का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध उपकरणों, मशीनों एवं संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली । उन्होंने आवश्यक उपकरणों की मांग, उनकी स्वीकृति एवं आवश्यक संसाधनों के लिए मांग प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान मरीजों के परिजनों के लिए बैठने एवं प्रतीक्षा व्यवस्था का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चिकित्सालय में आने वाले परिजनों को मूलभूत सुविधाएं जैसे बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए । कलेक्टर ने डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मशीनों, मरीजों की संख्या एवं पानी की उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली तथा पानी एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने शिशु वार्ड का निरीक्षण कर नवजात एवं बच्चों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने मानव संसाधन की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता, रिक्त पदों एवं उनकी स्वीकृति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां आवश्यकता हो, वहां शीघ्र प्रस्ताव भेजकर मानव संसाधन की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद स्थापित कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सालय की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

कलेक्टर श्री महोबे ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज स्थल तथा अस्थायी रूप से संचालित किए जाने हेतु प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य एवं तैयारियों का अवलोकन किया । कलेक्टर ने निर्माणाधीन भवन की प्रगति, कार्य की गुणवत्ता, उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री एवं निर्धारित समय-सीमा का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में गुणवत्ता के मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा परियोजना निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो। कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज के अस्थायी संचालन के लिए प्रस्तावित भवन लवलीहुड कॉलेज का भी निरीक्षण करते हुए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि भवन को मेडिकल कॉलेज संचालन के अनुरूप सभी आवश्यक मानकों के साथ तैयार किया जाए। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ एस. एस. कुजूर, एसडीएम जांजगीर श्री सुब्रत प्रधान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!