छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक

शासन के निर्देशों के अनुरूप शत प्रतिशत जनगणना कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के दिए निर्देश

गर्मी के मौसम के दौरान पेयजल की हो नियमित आपूर्ति – कलेक्टर

समय-सीमा लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करना सुनिश्चित करें – कलेक्टर

सड़क, नाली और साफ-सफाई कार्यों में समन्वय के साथ कार्य कर तेजी लाने के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा 1 अप्रैल 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में लंबित प्रकरणों के निराकरण की स्थिति, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जनहित से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर के तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि गर्मी के मौसम के दौरान जिले के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल की नियमित एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हैंडपंप, नल-जल योजनाओं एवं अन्य जल स्रोतों की नियमित जांच एवं मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, मैदानी स्तर पर निगरानी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने शासन के निर्देशों के अनुरूप जिले में जनगणना कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं समय-सीमा में आपसी समन्वय के साथ शत प्रतिशत कार्य करें। कलेक्टर ने सड़क, नाली निर्माण एवं साफ-सफाई कार्यों को लेकर संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्दश दिए। उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयासों से कार्यों की गुणवत्ता और गति में सुधार करते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने राशन कार्ड बनाने से पूर्व प्राप्त आवेदनों का भौतिक सत्यापन एवं दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को लाभ मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में उत्पन्न बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप निपटान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे खड़ी अव्यवस्थित गाड़ियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। उन्होंने कृषि विभाग को फसल चक्र परिवर्तन को बढ़ावा देने तथा किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और मॉनिटरिंग करने के दिए निर्देश

कलेक्टर श्री महोबे ने जिले में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ-साथ पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने जांजगीर-चाम्पा निर्माण पोर्टल में अपलोड करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण स्थलों पर नागरिक सूचना पटल अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे कार्य की लागत, एजेंसी, अवधि एवं अन्य आवश्यक जानकारी आमजन को उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा गुणवत्ता और प्रगति पर लगातार नजर रखी जाए। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी इन कार्यों को समय-समय पर निरीक्षण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!