पामगढ़ में निर्माणाधीन व्यवहार न्यायालयों का जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया निरीक्षण

पामगढ़ :- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश माननीय श्री जयदीप गर्ग द्वारा जिले में निर्माणाधीन व्यवहार न्यायालय भवनों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान पामगढ़, अकलतरा एवं नवागढ़ स्थित न्यायालय भवनों का स्थल पर जाकर विस्तृत जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान माननीय न्यायाधीश ने भवन की नींव, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, अग्निशमन व्यवस्था, दिव्यांगजनों हेतु सुलभ सुविधा (रैंप आदि) एवं पार्किंग व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि न्यायिक कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो सके।
इस अवसर पर प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश माननीय शैलेंद्र चौहान, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जांजगीर माननीय प्रवीण मिश्रा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा श्री मनोज कुमार कुशवाहा, न्यायिक मजिस्ट्रेट पामगढ़ श्रीमती शीलू केसरी, न्यायिक मजिस्ट्रेट अकलतरा श्रीमती शिवानी सिंह एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट नवागढ़ माननीय सिद्धार्थ आनंद सोनी भी उपस्थित रहे।
साथ ही एसडीओ श्री जायसवाल, सब इंजीनियर श्रद्धा शर्मा, पीडब्ल्यूडी के डीसी दिनकर इंजीनियर, न्यायालयीन कर्मचारी एवं पैरालीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।
निरीक्षण के पश्चात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और समय पर गुणवत्तापूर्ण भवन तैयार किया जा सके।




