सुशासन तिहार 2026: शासन की संवेदनशील पहल से आसान हुआ समस्याओं का समाधान

जनसमस्या निवारण शिविर में त्वरित समाधान से मोहनलाल के चेहरे पर आई मुस्कान
जांजगीर-चांपा 05 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की निर्देशानुसार आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर आमजनों के लिए राहत और भरोसे का माध्यम बन रहा हैं। इन शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को सीधे नगर-गांव स्तर तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। जिले के जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत सरखों में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की मांगों एवं समस्याओं के आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर रहे हैं।
शिविर में ग्राम बनारी के निवासी श्री मोहनलाल भी अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने किसान किताब से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया, जो उनकी खेती-किसानी के कार्यों के लिए अत्यंत आवश्यक था। इस शिविर के माध्यम से उनकी परेशानी का तत्काल समाधान संभव हो सका। शिविर में उपस्थित राजस्व विभाग के अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की और मौके पर ही श्री मोहनलाल को नई किसान किताब प्रदान कर दी। समस्या का इतनी शीघ्रता से समाधान मिलने पर श्री मोहनलाल के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने बताया कि शासन की इस पहल से उनकी समस्या कुछ ही समय में हल हो गई। उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविर को जनहितकारी पहल बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।




