छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

सुशासन तिहार 2026: नगर पालिका जांजगीर-नैला एवं ग्राम पंचायत सेमरिया में जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन

नगर पालिका जांजगीर-नैला के 1-10 वार्ड एवं सेमरिया कलस्टर में 20 ग्राम पंचायतों से आवेदन हुए प्राप्त

कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल, हितग्राहियों को विभिन्न योजना के तहत सामग्री, चेक और प्रमाण पत्र का किया गया वितरण

नगर पालिका जांजगीर-नैला में 71 आवेदन एवं ग्राम पंचायत सेमरिया में 708 आवेदन हुए प्राप्त

6 मई को नगर पालिका चांपा एवं ग्राम पंचायत तिलई में होगा जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन

जांजगीर-चांपा 05 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जन शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने तथा आम जनता को सुगम, पारदर्शी एवं त्वरित रूप से सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज नगर पालिका जांजगीर-नैला के गौशाला स्कूल परिसर एवं ग्रामीण क्षेत्र के जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम सेमरिया के शा.पू.मा.शाला सेमरिया में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में गौशाला स्कूल परिसर कलस्टर में वार्डाें क्र. 01 से 10 एवं सेमरिया कलस्टर में सेमरिया, कोनार, मुलमुला, नंदेली, भैंसो, झिलमिली, कोसा, डिघोरा, बोरसी, जेवरा, कोसीर, केसला, झूलन, चोरभट्ठी, खपरी, जोगीडीपा, पचरी, लगरा, सिल्ली, चण्डीपारा ग्राम पंचायत शामिल हुए। शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को जाल, आइस बॉक्स, किसान किताब, नैनो यूरिया, आवास योजना की चाबी, लखपति दीदी प्रमाण पत्र, स्वामित्व कार्ड, बी1, नक्शा खसरा सहित विभिन्न योजना के तहत सामग्री, चेक और सम्मान पत्र दिया गया। साथ ही पीएम आवास योजना के तहत नवनिर्मित आवासों क़ी चाबी भी प्रदान किया गया। समाधान शिविरों में नागरिकों द्वारा नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे राजस्व मामलों के साथ-साथ आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, बिजली, ट्रांसफार्मर और आधार कार्ड, राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन, पेंशन, श्रम कार्ड, जैसी विभिन्न विभागों के योजनाओं से लाभ लेने तथा विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर रहे है। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। शिविर में नगर पालिका जांजगीर-नैला में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 71 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमे 41 मांग एवं 30 शिकायत से संबंधित है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत सेमरिया में कुल 708 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमे 700 मांग एवं 8 शिकायत से संबंधित है।

जन समस्या निवारण शिविर में पूर्व संसदीय सचिव श्री अम्बेश जांगड़े ने संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 10 जून तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप यह पहल की गई है, जिसका उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने कहा कि शिविर में उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ आम नागरिकों की मांगों एवं समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।

कलेक्टर श्री महोबे ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से शासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं का सुगमता, पारदर्शिता एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से एग्रीस्टेक में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने का आग्रह किया। साथ ही कृषि एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे किसानों को बीज एवं खाद की उपलब्धता, किसान क्रेडिट कार्ड तथा हॉर्टिकल्चर योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करें। कलेक्टर ने कहा कि शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया जा रहा है। इस दौरान कलेक्टर श्री महोबे ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिकाधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने एवं आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री आर के तंबोली, श्री मनेष जांगड़े, श्री रूपचंद साहू, जनपद पंचायत सदस्यगण, सरपंच, पंचगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

6 मई को नगर पालिका चांपा एवं ग्राम पंचायत तिलई में होगा जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन

सुशासन तिहार 2026 के तहत 6 मई को नगर पालिका चांपा के वार्ड क्रमांक 1 रूद्रेश्वरशरण सिंह सामुदायिक भवन एवं जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत तिलई के शासकीय हाई स्कूल तिलई में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!