
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पद्मश्री से सम्मानित समाजसेवी फूलबासन बाई यादव के अपहरण की साजिश को ट्रैफिक पुलिस की तत्परता ने नाकाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सुकुलदेहान क्षेत्र में दो महिलाएं कार लेकर उनके घर पहुंचीं और किसी काम का बहाना बनाकर उन्हें अपने साथ ले गईं। आरोप है कि कार में बैठते ही उनका मुंह बांधकर नेशनल हाईवे की ओर ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान ने इस वारदात को रोक दिया। जैसे ही संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका गया, फूलबासन बाई यादव ने इशारों में पुलिस को अपनी स्थिति बताई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पहले गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा है, लेकिन खुद पीड़िता ने सच्चाई उजागर कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस पूरी साजिश की मुख्य आरोपी खुशबू साहू है, जो बेमेतरा जिले की रहने वाली है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश में जुटी है कि इस अपहरण के पीछे की मंशा क्या थी।
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी की जमकर सराहना हो रही है।




