जिले में विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग, कलेक्टर ने निर्माणाधीन आईटीआई भवन, खाद्यान्न भंडारण एवं माइनर केनाल पेच वर्क के कार्यों का किया निरीक्षण

जांजगीर-चांपा, 8 मई 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे जिले में संचालित विकास कार्यों की लगातार मैदानी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कलेक्टर ने आज बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति, निर्माण गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा तथा उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही सामग्री का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने ग्राम लखुर्री में निर्माणाधीन खाद्यान्न भण्डारण संरचना का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने बम्हनीडीह में निर्माणाधीन आईटीआई भवन का जायजा लेते हुए कहा कि भवन पूर्ण होने पर क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य में आवश्यक तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खपरीडीह से रोहदा के मध्य माइनर केनाल पेचवर्क कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सिंचाई व्यवस्था किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता एवं प्रगति पर सतत नजर रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।




