छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

सुशासन तिहार: ग्राम पंचायत भड़ेसर एवं नगर पंचायत नवागढ़ में हुआ जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन

नागरिकों की मांग एवं समस्याओं का सरल, सुगम एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें – कलेक्टर

विभिन्न विभागों द्वारा लगाएं गए स्टॉलों का किया अवलोकन, नागरिकों को योजनाओं की जानकारी एवं शत प्रतिशत हितग्राहियों को लाभ देने कहा

विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता राशि वितरित

जांजगीर-चांपा 12 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की निर्देशानुसार नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान हेतु जिले में सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज नगर पंचायत नवागढ़ के प्रगति क्लब एवं जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत भड़ेसर के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत भड़ेसर में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का अवलोकन किया एवं सभी नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए शत प्रतिशत हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई। साथ ही मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण स्वीकृति पत्र, श्रम कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, सुपोषण किट, ऋण पुस्तिका सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज एवं सामग्रियों का वितरण किया गया। स्व-सहायता समूहों की दीदियों को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सामग्री एवं चेक वितरित कर लाभान्वित किया गया।

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई। शिविर में ग्राम पंचायत भड़ेसर में कुल 716 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमे 690 मांग एवं 26 शिकायत से संबंधित है। शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि शासन का उद्देश्य आम जनता तक योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याओं का सरल, सुगम एवं समयबद्ध निराकरण करें। कलेक्टर ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए निराकरण किया जाए। उन्होंने राजस्व विभाग से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि डीएपी खाद के बदले नैनों यूरिया के उपयोग हेतु प्रेरित करने कहा तथा किसानों की आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एग्रीस्टैक से संबंधित योजनाओं एवं तकनीकी जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराने कहा।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शिविरों के माध्यम से रोजगार एवं ऋण मेलों का आयोजन किया जाए तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री मोतीलाल देवांगन ने भी संबोधित किया। शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रियंका सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री राजकुमार साहू, पूर्व विधायक श्री मोतीलाल देवांगन, श्री पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, श्री अमर सुलतानिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शांता मनमोहन कश्यप सहित जनप्रतिनिधि विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

13 मई को नगर पालिका जांजगीर-नैला एवं ग्राम पंचायत परसाही (नाला) में लगेगा जनसमस्या निवारण शिविर

सुशासन तिहार अंतर्गत 13 मई को नगर पालिका जांजगीर-नैला के सांस्कृतिक भवन कचहरी चौक में एवं जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत परसाही (नाला) के पू.मा.शाला परसाही में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रस्तुत करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!