छत्तीसगढ़पामगढ़

पामगढ़ भाजपा में बढ़ा असंतोष, कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष पर लगाए उपेक्षा के आरोप

महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की सूचना नहीं देने से नाराज कार्यकर्ता, जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यालय तक शिकायत की तैयारी

पामगढ़। नगर पंचायत पामगढ़ एवं आसपास के भाजपा कार्यकर्ताओं में इन दिनों भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कार्यकर्ताओं ने पामगढ़ मंडल अध्यक्ष यशवंत साहू पर संगठनात्मक एवं शासकीय कार्यक्रमों की जानकारी समय पर नहीं देने का आरोप लगाया है। लगातार उपेक्षा से कार्यकर्ताओं में असंतोष का माहौल बनता जा रहा है।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि सुशासन तिहार योजना कार्यक्रम, सामूहिक कन्या विवाह, राम लला यात्रा के लिए यात्री रवाना कार्यक्रम, मंडी प्रवेश कार्यक्रम सहित कई महत्वपूर्ण आयोजनों की जानकारी अधिकांश कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को नहीं दी गई। इससे संगठन के जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी होने की बात सामने आई है।

भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता पामगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में निवास करते हैं, जिनमें जिला मंत्री अनुसूचित जाति मोर्चा मनोज घोष, जिला मंत्री सुखसागर ओगरे, वरिष्ठ कार्यकर्ता तविंद्र पाल गांधी, मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र कश्यप, मंडल पदाधिकारी ओमप्रकाश राठौर, किशोरी कश्यप, युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष मुकेश कश्यप, सत्येंद्र सिंह क्षेत्रीय, गोलू वर्मा, कवित कश्यप, दामोदर थवाईत, लक्ष्मीकांत गोरेहा एवं नवीन जांगड़े सहित कई कार्यकर्ता शामिल हैं।

नाराज कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि इसी तरह उपेक्षा जारी रही तो संगठन में असंतोष और बढ़ सकता है। कार्यकर्ताओं ने मामले की शिकायत भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े एवं प्रदेश कार्यालय तक करने की बात कही है, ताकि संगठन में सभी कार्यकर्ताओं को समान महत्व मिल सके।

स्थानीय राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और आने वाले समय में भाजपा संगठन के भीतर इस मामले को लेकर हलचल बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!