छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में खरीफ, शिक्षा, वृक्षारोपण एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की

आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा, किसानों को नहीं होनी चाहिए किसी भी प्रकार की परेशानी – कलेक्टर

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश

पूरक परीक्षा, शाला प्रवेश उत्सव, पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने कहा

अतिक्रमण मुक्त अभियान, स्वच्छता व जल संरक्षण कार्यों एवं प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत को प्राथमिकता देने के निर्देश

सुशासन तिहार में प्राप्त जन शिकायतों एवं आवेदनों का करें समयबद्ध निराकरण

जांजगीर-चांपा, 8 जून 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने आगामी खरीफ सीजन, मानसून पूर्व तैयारियों, वृक्षारोपण अभियान, पूरक परीक्षा, शाला प्रवेश उत्सव, पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण की तैयारियो, स्वच्छता एवं जल संरक्षण कार्यों तथा सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने आगामी खरीफ फसल सीजन के दृष्टिगत कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद, बीज एवं सिंचाई से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। किसानों को खाद, बीज एवं सिंचाई सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने जिले में उर्वरकों एवं बीजों के भंडारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए क्षमता के विरुद्ध उपलब्ध स्टॉक एवं भंडारण व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने किसानों को नैनो यूरिया एवं अन्य उन्नत कृषि तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक करने तथा इसके लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आगामी मानसून में जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, शासकीय कार्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक परिसरों में अधिक से अधिक पौधरोपण की तैयारी सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने वन विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं रेशम विभाग को पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों के चयन तथा संरक्षण की आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की भी प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि लगाए गए पौधों का बेहतर जीवित प्रतिशत सुनिश्चित हो सके।

बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को आगामी पूरक परीक्षाओं के लिए छात्र-छात्राओं को कराई जा रही तैयारी की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र के लिए शाला प्रवेश उत्सव का प्रभावी आयोजन करने, विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश उपलब्ध हो जाएं, जिससे अध्ययन कार्य प्रभावित न हो।

कलेक्टर ने प्रत्येक जनपद पंचायत में कम से कम एक ग्राम पंचायत को चयन कर प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अन्य ग्राम पंचायत को प्लास्टिक मुक्त के रूप में विकसित करने कहा। इसके लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा पिकल स्लज प्रबंधन के प्रभावी संचालन करने कहा। उन्होंने जल संरक्षण एवं जल संचय से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा जल के अधिकतम संग्रहण एवं संरक्षण के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता एवं जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को जनभागीदारी के साथ अभियान के रूप में संचालित किया जाए, ताकि स्थायी एवं प्रभावी परिणाम प्राप्त हो सकें तथा जिले में जल संसाधनों का सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके। इसके साथ उन्होंने अतिक्रमण मुक्त अभियान के तहत लाल झंडा लगाकर कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक में सुशासन तिहार के दौरान आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों एवं जन शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी विभागीय वेबसाइट एवं जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की पारदर्शिता एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके। बैठक में जिला पंचायत मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर के तंबोली, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!