
कसडोल, 15 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कसडोल इकाई ने कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, कसडोल में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी के नाम विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कसडोल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में परिषद ने छात्रावास में शासकीय राशि के उपयोग, कथित फर्जी बिलिंग तथा संचालन संबंधी अनियमितताओं की शिकायतों का उल्लेख करते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की। परिषद ने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी या अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
एबीवीपी ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित आवास, गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। ऐसे संस्थानों में यदि किसी प्रकार की अनियमितता होती है तो उसका सीधा असर छात्राओं के हितों पर पड़ता है, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
परिषद ने प्रशासन से मांग की कि छात्रावास की वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समग्र जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए, ताकि छात्राओं को शासन की सभी सुविधाओं का पारदर्शी एवं प्रभावी लाभ मिल सके तथा भविष्य में इस प्रकार की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।
एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि मामले की शीघ्र जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो विद्यार्थी हित एवं जनहित में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एबीवीपी के जिला संयोजक मलय साहू सहित गौतम साहू, नवीन साहू, निखिल, अमित कुमार, केसरी नंदन निर्मलकर, नागेश, प्रमोद साहू, हिमांशु टंडन, ओम प्रकाश, रागिनी, समीर, नागेश दास एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




