लीलागर नदी पर कुटीघाट पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त, प्रशासन की लापरवाही से वाहनों की आवाजाही जारी, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

पामगढ़। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण लीलागर नदी पर स्थित कुटीघाट पुल तेज बहाव की चपेट में आकर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल का बड़ा हिस्सा धंस गया है और सड़क कई स्थानों से पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे पुल किसी भी समय और अधिक क्षतिग्रस्त हो सकता है।
चिंता की बात यह है कि पुल की ऐसी खतरनाक स्थिति के बावजूद प्रशासन की लापरवाही के चलते वाहनों की आवाजाही अब भी जारी है। मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी बैरिकेडिंग नहीं होने से लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे हैं। यदि समय रहते आवागमन पूरी तरह बंद नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल पुल पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा क्षतिग्रस्त पुल की शीघ्र मरम्मत या वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की है। जनसुरक्षा को देखते हुए प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।




