छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

महतारी वंदन योजना से शबीना बेगम ने संवारा अपना कारोबार, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

 

जांजगीर-चांपा, 10 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसी योजना का लाभ लेकर तहसील जांजगीर के ग्राम सरखों की श्रीमती शबीना बेगम ने अपने छोटे से चूड़ी व्यवसाय को विस्तार देकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है।

एकीकृत बाल विकास परियोजना जांजगीर अंतर्गत परियोजना क्षेत्र के ग्राम सरखों निवासी श्रीमती शबीना बेगम अपने घर में छोटी सी चूड़ी की दुकान संचालित करती थीं। सीमित आमदनी के कारण परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना उनके लिए आर्थिक संबल बनकर सामने आई। श्रीमती शबीना बेगम को मार्च 2024 से योजना के तहत प्रतिमाह 1,000 की राशि नियमित रूप से उनके बैंक खाते में प्राप्त हो रही है। श्रीमती शबीना बेगम ने योजना से प्राप्त राशि को एकमुश्त जोड़कर अपनी चूड़ी की दुकान में निवेश किया। उन्होंने दुकान में नए सामान और चूड़ियों की विविधता बढ़ाई, जिससे ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी और उनकी आमदनी में भी इजाफा हुआ। धीरे-धीरे उन्होंने अपने छोटे से व्यवसाय का विस्तार किया और आज उनकी आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर हो गई है।

श्रीमती शबीना बेगम बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया है। अब वे अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों में योगदान देने के साथ-साथ बच्चों की पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी जरूरतों पर भी बेहतर तरीके से खर्च कर पा रही हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दिशा में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!