तिमाही परीक्षा में लापरवाही पर प्राचार्य से दो दिन में मांगा स्पष्टीकरण

निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू नहीं होने और प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं कराने पर विभाग ने जताई नाराजगी
देवेन्द्र यादव, पामगढ़। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मुड़पार चु. में तिमाही परीक्षा के संचालन में लापरवाही का मामला सामने आया है। निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू नहीं होने और विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं कराए जाने को विभाग ने गंभीरता से लिया है। मामले में संबंधित प्राचार्य से दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के 31 अगस्त 2026 के निर्देशों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 में तिमाही परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाना निर्धारित है। विभागीय पत्र के मुताबिक 28 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक विद्यालय में परीक्षा प्रारंभ नहीं हो सकी थी। साथ ही विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया था।
विभाग ने इस स्थिति को परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही मानते हुए प्राचार्य से स्पष्टीकरण तलब किया है। पत्र में यह भी पूछा गया है कि उक्त घटना की जानकारी उच्च कार्यालय को क्यों न प्रेषित की जाए। प्राचार्य को निर्धारित अवधि में उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस तक सीमित न रहे कार्रवाई, व्यवस्था सुधारने की जरूरत
विद्यालयों में परीक्षा, पढ़ाई और विद्यार्थियों से जुड़े कार्यों में लापरवाही की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में केवल नोटिस या निलंबन की कार्रवाई के बजाय विभागीय स्तर पर नियमित निगरानी और जिम्मेदारी तय करने की व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।
सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शिक्षा सीधे तौर पर विद्यालय की व्यवस्थाओं से जुड़ी होती है। ऐसे में परीक्षा संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए समय पर सुधारात्मक कदम उठाना जरूरी है। अब प्राचार्य के स्पष्टीकरण के बाद विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है, इस पर नजर रहेगी।



