छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की

जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में आरबीसी 6-4 के तहत राहत दिलाने कलेक्टर ने दिए त्वरित सर्वे के निर्देश

सीएम हेल्पलाइन 1076 के प्रकरणों के निराकरण में देरी संबंधित विभागों को होगा नोटिस जारी

पारस पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति समय पर अपडेट करने के निर्देश, डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी लाने कह

      जांजगीर-चांपा 28 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए समय-सीमा के प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में गंभीरता के साथ कार्य करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने महानदी में बढ़े जल स्तर से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व एवं संबंधित विभागों के अमले के माध्यम से सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव अथवा बाढ़ से प्रभावित लोगों के नुकसान का मौके पर जाकर आकलन किया जाए तथा पात्र प्रभावितों के आरबीसी 6-4 के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार राहत राशि का लाभ दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सर्वे कार्य में तेजी लाने तथा प्रभावित तक समय पर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने पारस पोर्टल पर विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की निगरानी पारस पोर्टल के माध्यम से की जाती है। इसलिए सभी विभाग अपनी योजनाओं एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति को पोर्टल पर समय-सीमा में अनिवार्य रूप से अपडेट करें। उन्होंने अधिकारियों को पोर्टल पर दर्ज जानकारी की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं एग्रीस्टैक पंजीयन जानकारी लेते हुए शेष पंजीयन को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने तथा संबंधित मैदानी अमले के माध्यम से कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों से संबंधित इन महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय में पंजीयन पूर्ण कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ शिविर आयोजित कर हितग्राहियों को योजना की जानकारी देने, आवेदन एवं आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में मॉडल सोलर विलेज के चयन कर अधिक से अधिक लोगो को लाभान्वित किया जाए।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की विभागवार जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ऐसे विभागों, जिनके द्वारा प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय में निराकरण नहीं किया गया है, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर के तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!