छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

राज्योत्सव में श्री सुनील मानिकपुरी, स्कूली छात्र-छात्राओं ने दी प्रस्तुति, विभागों के स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र

जांजगीर-चांपा, 03 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। छत्तीसगढ़ी के सुप्रसिद्ध गायक श्री सुनील मानिकपुरी ने अपनी रंगारंग सांगीतिक प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की गौरवशाली लोक परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित विविध कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

विभागों के स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र

जिला स्तरीय राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, नवाचारों एवं उपलब्धियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए थे। विभागीय प्रदर्शनी में शासन की योजनाओं और जिले में किए जा रहे विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया, जो राज्योत्सव में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा लगाई गई स्टॉल में विकसित भारत जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), बिहान एवं स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों को आकर्षक मॉडल एवं प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। राज्योत्सव के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक एवं जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं, गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी ली तथा विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!