छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित

जांजगीर-चांपा, 12 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार जिले में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संदर्भ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत एकीकृत मतदाता सूची (निर्वाचक नामावली) का प्रारूप प्रकाशन किया गया। इस संबंध में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक ली।

बैठम में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को जानकारी दी गई कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के पश्चात पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके अंतर्गत मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण, दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने तथा उनका निराकरण करने जैसी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। साथ ही राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को आयोग द्वारा जारी निर्धारित प्रारूप की जानकारी देते हुए बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने के लिए आग्रह किया गया।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नीतिश वर्मा, निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री राकेश प्रधान, श्री हितेश यादव, श्री मोहन सिंह, श्री शिशिर द्विवेदी, श्री आशुतोष गोपाल, श्री लखन लाल साहू, श्री कीर्तन लाल साहू सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

इस प्रकार जांचें मतदाता सूची में अपना नाम

सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। मतदाता ऑनलाइन माध्यम से वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना नाम देख सकते हैं। इसके अलावा ऑफलाइन माध्यम से अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की मुख्य तिथियां

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया है। दावा एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2026 निर्धारित है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात मतदाता सूची के डेटाबेस का अद्यतन, पूरक सूची का मुद्रण एवं अंतिम प्रकाशन की तैयारी की जाएगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!