पामगढ़ में ‘कौन बनेगा चैंपियन-2026’ का भव्य समापन, 80 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा; चंचल, ओम्या ज्योति और साहिल ने जीती प्रोत्साहन राशि

पामगढ़। विद्यार्थियों एवं युवाओं की प्रतिभा को निखारने, सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उनमें आत्मविश्वास एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित ‘कौन बनेगा चैंपियन प्रतियोगिता–पामगढ़ 2026’ का भव्य ग्रैंड फिनाले 26 नवंबर को श्यामा पैलेस, पामगढ़ में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
ज्ञान, प्रतिभा और मनोरंजन के अनूठे संगम वाले इस आयोजन में क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों, पालकों एवं बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति रही।
अतिथियों ने की आयोजन की सराहना
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष गौरी जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य संतोषी मनोज रात्रे, जिला पंचायत सदस्य प्रीति अजय दिव्य, मनीष जांगड़े, नरेंद्र पांडे, दिनेश थवाईत एवं मंजू टंडन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों एवं युवाओं की बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच और आत्मविश्वास को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को पहचान देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
80 प्रतिभागियों में से 10 ने बनाई हॉट सीट पर जगह
प्रतियोगिता में कुल 80 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न चरणों से गुजरने के बाद 10 प्रतिभागियों को हॉट सीट तक पहुंचने का अवसर मिला। यहां सामान्य ज्ञान एवं विभिन्न विषयों से संबंधित रोचक सवाल पूछे गए। प्रतिभागियों ने अपनी जानकारी, एकाग्रता, त्वरित निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दिए। उनके प्रदर्शन ने दर्शकों के बीच उत्साह और रोमांच का माहौल बनाए रखा।
चंचल, ओम्या ज्योति और साहिल ने हासिल की सफलता
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चंचल साहू (बी.एड. प्रथम वर्ष), ओम्या ज्योति (कक्षा 9वीं) एवं साहिल साहू (कक्षा 8वीं) ने प्रोत्साहन राशि जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि पर अतिथियों एवं उपस्थित दर्शकों ने खुशी जाहिर करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतिभाओं को अवसर देना रहा आयोजन का उद्देश्य
आयोजक टीम चैंपियन पामगढ़ ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में सामान्य ज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तार्किक क्षमता को प्रोत्साहित करना तथा आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। शिक्षा के साथ सामान्य ज्ञान और व्यावहारिक समझ भी जीवन में महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से प्रतियोगिता को रोचक एवं ज्ञानवर्धक स्वरूप प्रदान किया गया।
सफल आयोजन के लिए टीम ने जताया आभार
ग्रैंड फिनाले के सफल आयोजन पर टीम चैंपियन पामगढ़ ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, पालकों, दर्शकों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। टीम ने कहा कि सभी के सहयोग, मार्गदर्शन और सहभागिता से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
आयोजक टीम ने भविष्य में भी क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने तथा शिक्षा, ज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर जारी रखने की बात कही।
‘कौन बनेगा चैंपियन पामगढ़-2026’ का यह आयोजन क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर देने के साथ ज्ञान और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।



