कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक

राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण, धान खरीदी की व्यवस्थाओं की नियमित निरीक्षण करें – कलेक्टर
लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा, 27 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में राजस्व कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में धान खरीदी, फार्मर रजिस्ट्री, ई-कोर्ट, नामांतरण, खाता विभाजन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों एवं लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा करते हुए खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने तथा किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ई-कोर्ट में दर्ज प्रकरणों, नामांतरण एवं खाता विभाजन पंजी, राजस्व प्रकरणों तथा त्रुटि सुधार मॉड्यूल की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा राजस्व अभिलेखों में त्रुटियों का समयबद्ध सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख तैयार करने एवं वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, ऑटो डायवर्जन, अभिलेख अद्यतन पंजी तथा नक्शा बटांकन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आरबीसी 6-4 के प्रकरणों, भू-अर्जन एवं भू-आवंटन से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने सभी राजस्व अधिकारियों को आम नागरिकों के राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री प्रमोद गुप्ता, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे।



