छत्तीसगढ़रायपुर

धान खरीदी केंद्रों में अवैध वसूली का आरोप—पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, की कड़ी कार्रवाई की मांग

रायपुर, 28 नवंबर 2025। धान खरीद विपणन वर्ष 2025-26 की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों में किसानों से अवैध रूप से बोझा ढुलाई शुल्क वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं। इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

डॉ. महंत ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रदेशभर से किसानों ने शिकायत की है कि धान तौलने के लिए बोरा उठाने और ढुलाई के नाम पर किसानों से जबरन ₹7.50 प्रति क्विंटल तक वसूला जा रहा है। जबकि शासन द्वारा इसके लिए केवल ₹3 प्रति क्विंटल की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि यह वसूली पूरी तरह अवैध है और किसानों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि बोझा ढुलाई, तौलाई, भराई, सिलाई, कटाई आदि के लिए अलग-अलग शुल्क वसूले जा रहे हैं, जो कि शासन की नीतियों के विपरीत है।

डॉ. महंत ने पत्र में यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व में वर्ष 2023-24 तथा वर्तमान 2024-25 के दौरान भी इसी प्रकार की अवैध वसूली की शिकायतें आई थीं, लेकिन सुधार नहीं हुआ।

उन्होंने सरकार से समुचित जांच कर दोषी अधिकारियों व संबंधित व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अवैध वसूली पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन करने को मजबूर होगी।

डॉ. महंत ने संलग्न दस्तावेजों के साथ यह मुद्दा मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाते हुए किसानों के हित में तुरंत ठोस कदम उठाने की अपेक्षा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!