छत्तीसगढ़पामगढ़

ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी ईस्ट जोन कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चैतन्य कॉलेज के तीन पहलवानों का चयन

पामगढ़ 3 जनवरी 26। चैतन्य विज्ञान एवं कला महाविद्यालय (स्वशासी), पामगढ़ के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि महाविद्यालय के तीन खिलाड़ियों का चयन ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी ईस्ट जोन कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो कि चंडीगढ़ (पंजाब) में आयोजित की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ में आयोजित अंतर महाविद्यालय कुश्ती (पुरुष) प्रतियोगिता में चैतन्य विज्ञान एवं कला महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान श्रेष्ठ तकनीक, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय देकर निर्णायकों एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर महाविद्यालय के तीन खिलाड़ियों— विमल बहादुर, चंद्रशेखर एवं चंद्रभान—का चयन ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी ईस्ट जोन कुश्ती प्रतियोगिता के लिए किया गया है। यह प्रतियोगिता दिनांक 2 जनवरी 2026 से 6 जनवरी 2026 तक चंडीगढ़ (पंजाब) में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में सहभागिता हेतु सभी चयनित खिलाड़ी चंडीगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं।

इस अवसर पर महाविद्यालय के संचालक श्री वीरेंद्र तिवारी ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय सदैव अपने खिलाड़ियों के साथ खड़ा है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, लगन एवं प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। हमें पूर्ण विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

महाविद्यालय परिवार ने सभी चयनित खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य एवं प्रतियोगिता में सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रदान की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!