
रायपुर, 3 जनवरी 26। माननीय उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के पश्चात पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के पुत्र श्री चैतन्य बघेल आज जेल से रिहा हुए। रिहाई के समय वे भावुक दिखाई दिए।
चैतन्य बघेल ने कहा कि आज उनके बेटे का जन्मदिन है और इस अवसर पर उससे मिलने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत खुशी का विषय है। उन्होंने बताया कि जेल में बिताए गए समय के दौरान उन्होंने पुस्तकों का अध्ययन किया और जीवन को नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर मिला। इस अवधि ने उन्हें संघर्ष के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि चैतन्य की रिहाई को वे सत्य की जीत के रूप में देखते हैं। उन्होंने कहा कि सत्य को परेशान किया जा सकता है, लेकिन पराजित नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ता हमेशा सत्य के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी उसी मार्ग पर चलते रहेंगे।
श्री भूपेश बघेल ने कहा कि महात्मा गांधी, कबीर साहेब, गुरु नानक देव और गुरु घासीदास जैसे महान संतों और विचारकों ने सत्य के मार्ग पर चलने की सीख दी है और आज चैतन्य की रिहाई उसी सत्य की विजय का प्रतीक है।




