धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग तेज, पूर्व विधायक इंदु बंजारे ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

पामगढ़, 31 जनवरी 26। छत्तीसगढ़ में चल रही धान खरीदी की प्रक्रिया को लेकर किसानों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है। बड़ी संख्या में किसान आज भी समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित रह गए हैं। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए पामगढ़ विधानसभा की पूर्व विधायक श्रीमती इंदु बंजारे ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की है।
श्रीमती बंजारे ने अपने पत्र में बताया है कि आज धान खरीदी का अंतिम दिन है, जबकि बड़ी संख्या में किसानों का टोकन अब तक नहीं कट पाया है। इसके कारण किसान अपनी महीनों की मेहनत से उपजाई गई फसल समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पा रहे हैं। इससे किसानों में शासन–प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है।
उन्होंने यह भी कहा कि कई स्थानों से किसानों द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने जैसी दुखद खबरें सामने आ रही हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है और सरकार की छवि को भी नुकसान पहुँचा रही है।
पूर्व विधायक इंदु बंजारे ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जिन किसानों का भौतिक सत्यापन पूरा हो चुका है, उनका धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए और धान खरीदी की समय-सीमा तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए किसानों की समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए, ताकि प्रदेश का अन्नदाता आर्थिक संकट में न फंसे।




