कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक, जाज्वल्यदेव महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला की तैयारियों की गई विस्तृत समीक्षा

पीएम आवास के प्राप्त शिकायतों का निराकरण करने एवं मनरेगा क्यू आर कोड के व्यापक प्रचार प्रसार करने कहा
फाइलेरिया अभियान के तहत 10 से 25 फरवरी तक सामुहिक दवा सेवन कार्यक्रम का होगा आयोजन
जल शक्ति अभियान के तहत कार्यों में तेजी लाने कहा
आधार, अपार आईडी, आभा, आयुष्मान के तहत संयुक्त शिविर लगाने के दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा, 3 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने आगामी 11 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले जाज्वल्यदेव महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं, विभागीय समन्वय एवं आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि जांजगीर-चांपा जिला किसानों से जुड़ा हुआ जिला है, इसलिए विभिन्न विभागों एवं निजी संस्थाओं द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल किसानों की आवश्यकता एवं हित को ध्यान में रखते हुए लगाए जाएं। उन्होंने कृषि आधारित योजनाओं, आधुनिक तकनीकों, बीज, उर्वरक, जैविक खेती, पशुपालन एवं उद्यानिकी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने रोजगार मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्मारिका प्रकाशन एवं कृषक संगोष्ठी के आयोजन के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कृषक संगोष्ठी के माध्यम से किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, शासकीय योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी दी जाए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का निराकरण गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत का समाधान होने के बाद हितग्राही को अनिवार्य रूप से अवगत कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और लाभार्थियों का विश्वास मजबूत हो। इसके साथ ही मनरेगा के अंतर्गत क्यूआर कोड की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि मनरेगा क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे ग्रामीणों को कार्यों की जानकारी, पारदर्शिता और निगरानी में सुविधा मिले।
कलेक्टर ने जल शक्ति अभियान के अंतर्गत संबंधित विभागों को जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े सभी कार्यों की नियमित रूप से पोर्टल में एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड में किए जा रहे कार्यों की प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सभी जल संरक्षण गतिविधियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने कहा। कलेक्टर ने कहा कि सोखता गड्ढों का निर्माण तेज गति से किया जाए तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि भू-जल स्तर में सुधार और वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने खनिज विभाग की रॉयल्टी वसूली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारी को आवश्यकतानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए तथा खदानों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने रबी फसल में धान के स्थान पर अन्य अधिक लाभदायक वैकल्पिक फसल लेने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दलहन, तिलहन एवं अन्य कम पानी वाली फसलों की ओर किसानों को प्रेरित किया जाए, जिससे जल संरक्षण के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि हो सके। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर ने जिले में रक्तदान शिविर आयोजन करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार करने कहा है। उन्होंने रक्तदान शिविर आयोजन से पूर्व विधिवत अनुमति लेने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जनपद पंचायतवार शिविर लगाने तथा एक गांव को मॉडल सौर ऊर्जा गांव के रूप में विकसित कर शत-प्रतिशत घरों तक योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अपार आईडी, आभा, आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आधार कार्ड से लिंक करने के लिए ग्राम एवं नगरीय निकाय स्तर पर संयुक्त शिविर लगाए जाने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने सभी शासकीय कार्यालयों में ई-अटेंडेंस को अनिवार्य रूप से लागू करने कहा। उन्होंने कहा कि उपस्थिति प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। साथ ही ई-फाइल प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए निर्देशित किया कि सभी शासकीय पत्राचार एवं प्रकरणों का निराकरण ई-फाइल के माध्यम से किया जाए, ताकि कार्यों में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।




