
पामगढ़ | 7 फरवरी 2026 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, पामगढ़ में मिड-डे-मील खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने की गंभीर घटना पर आखिरकार प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। CG खबर 24 द्वारा मामला उजागर किए जाने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी पामगढ़ ने बड़ा आदेश जारी करते हुए भोजन बनाने वाले जय गुरुघासीदास महिला स्व-सहायता समूह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।
22 जनवरी को परोसे गए मध्याह्न भोजन के बाद कई बच्चे पेट दर्द, उल्टी और कमजोरी से पीड़ित हो गए थे, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में भर्ती कराया गया था। जांच में इसे फूड प्वाइजनिंग का प्रथम दृष्टया मामला माना गया था।
लेकिन घटना के कई दिन बाद तक न तो समूह को हटाया गया और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई, जिससे SDM और BEO की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। CG खबर 24 में खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन हरकत में आया और 5 फरवरी को जारी आदेश में स्व-सहायता समूह को मिड-डे-मील संचालन से पृथक कर दिया गया।

जारी आदेश के अनुसार अब वैकल्पिक व्यवस्था के तहत स्कूल प्रबंधन स्वयं मध्याह्न भोजन का संचालन करेगा, ताकि बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।
इस कार्रवाई से नाराज अभिभावकों और ग्रामीणों को राहत मिली है। लोगों का कहना है कि अगर मीडिया समय पर आवाज नहीं उठाता तो शायद बच्चों की सेहत से जुड़ा यह गंभीर मामला यूं ही दबा दिया जाता।
यह पूरा घटनाक्रम एक बार फिर साबित करता है कि मीडिया की सक्रियता से ही प्रशासन को जवाबदेह बनाया जा सकता है।




