पुरी में होटल पर देर रात बम हमला, धमाकों से कांपा टूरिस्ट इलाका, मची अफरा-तफरी

पुरी (ओडिश)। पुरी के एक होटल में मंगलवार देर रात हुए बम हमले से टूरिस्टों में दहशत फैल गई। बलियापांडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाइटहाउस के पीछे स्थित एक प्रॉपर्टी पर अज्ञात दो लोगों ने तीन बम फेंके और मौके से फरार हो गए।
तेज धमाकों से होटल की खिड़कियां और दरवाजे टूट गए, जिससे वहां ठहरे मेहमान घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन होटल परिसर को भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश या आपसी विवाद का परिणाम हो सकता है।
इस चौंकाने वाली घटना ने देश-विदेश से आने वाले हजारों पर्यटकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुरी एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहां हर समय बड़ी संख्या में टूरिस्ट मौजूद रहते हैं।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना को रोका जा सके।