छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

सहायक शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर फेडरेशन का अल्टीमेटम

निराकरण नहीं हुआ तो बीईओ कार्यालय में होगा तालाबंदी सहित धरना-प्रदर्शन

पामगढ़। सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, ब्लॉक इकाई पामगढ़ द्वारा अपनी वर्षों से लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर आज विकासखंड शिक्षा अधिकारी पामगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन ब्लॉक अध्यक्ष अजय मधुकर के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से उच्च परीक्षा की अनुमति, सेवा पुस्तिका का संधारण, पासबुक अपडेट, लंबित एरियर्स का भुगतान, मेडिकल बिलों का निराकरण जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को उठाया गया। फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि इन सभी मांगों को लंबे समय से अधिकारियों के समक्ष रखा जा रहा है, परंतु अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है।

फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे विकासखंड शिक्षा कार्यालय पामगढ़ में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभागीय प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक साथी उपस्थित रहे जिनमें खेमलाल दिनकर, रामकुमार चौहान, टेकराम कुर्रे, संतराम जोशी, कुंवर प्रसाद सिन्हा, जोइधाराम ताम्रकार, मनमोहन अनंत, अशोक दिनकर, गोकुल पटेल, मनोज पटेल, अमृत ज्योति, बलीराम रात्रे, गनेशी बंजारे, सबिता पटेल, सरोजनी खाण्डेकर सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहे।

फेडरेशन ने एक स्वर में कहा कि अब शिक्षक अपने अधिकारों के लिए निर्णायक आंदोलन के लिए तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!