छत्तीसगढ़भाटापारा

राज्यसभा में जनसंख्या के अनुपात में यादव समाज को प्रतिनिधित्व दिया जाए — रमेश यदु

भाटापारा। छत्तीसगढ़ में यादव समाज की जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व न मिलने को लेकर एक बार फिर मांग तेज हो गई है। आगामी राज्यसभा सदस्य निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ ने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों से यादव समाज से प्रत्याशी घोषित करने की मांग की है।

इस संबंध में सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने कहा कि राज्य गठन के बाद से ही यादव समाज को लगातार राजनीतिक उपेक्षा का सामना करना पड़ा है, जबकि प्रदेश में यादव समाज की आबादी लगभग 35 लाख है और यह पिछड़ा वर्ग में दूसरे स्थान पर आता है।

श्री यदु ने इस आशय का पत्र भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, विष्णुदेव साय, सह प्रभारी अजय जामवाल, संगठन मंत्री पवन साय तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भेजा है।

उन्होंने कहा कि यादव समाज को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व न मिलने के कारण समाज का एक बड़ा वर्ग आज भी आर्थिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में पिछड़ा हुआ है। जबकि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल समावेशी विकास की बात करते हैं, इसके बावजूद यादव समाज वर्षों से राजनीतिक रूप से उपेक्षित और शोषण का शिकार रहा है।

श्री यदु ने स्पष्ट रूप से मांग की कि आगामी राज्यसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की सीटों पर प्राथमिकता के आधार पर यादव समाज से अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाएं, ताकि जनसंख्या के अनुपात में समाज को उसका हक मिल सके।

इस मांग का समर्थन यादव समाज के महिला प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ, संभागीय व जिला स्तर के पदाधिकारियों सहित प्रदेशभर के सामाजिक प्रमुखों ने किया है, जिससे यह स्पष्ट है कि यादव समाज इस विषय पर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!