
आरंग, 4 मार्च 26। होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब वार्ड क्रमांक 2 के साहू पारा में 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रामनगर चौक निवासी नीरज लोधी के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीरज होली के दिन अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से घूमने निकला था। साहू पारा पहुंचने पर वहां मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने नीरज को बाइक से नीचे गिराकर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान उसके दोनों साथी किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले।
प्राथमिक जांच में नीरज के शरीर पर चाकू के तीन गहरे घाव और सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
तनावपूर्ण माहौल, पुलिस की सतर्कता बढ़ी
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने साहू पारा और आसपास के क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी है। अधिकारियों के अनुसार हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
नीरज अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इस घटना से परिवार सदमे में है और क्षेत्र में शोक की लहर है।




