
रायपुर, 04 मार्च 26। छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए वरिष्ठ आदिवासी नेता फूलो देवी नेताम को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया है। नामांकन की अंतिम तिथि से ठीक पहले हुए इस ऐलान के साथ ही सियासी हलचल तेज हो गई है।
फूलो देवी नेताम का राज्यसभा कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। उनकी सक्रिय राजनीतिक भूमिका, संगठन में मजबूत पकड़ और सामाजिक मुद्दों पर मुखर आवाज को देखते हुए पार्टी ने एक बार फिर उन्हें उच्च सदन भेजने का निर्णय लिया है। इससे पहले संभावित नामों में टीएस सिंहदेव और दीपक बैज की भी चर्चा थी, लेकिन संगठनात्मक संतुलन और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नेताम के नाम पर सहमति बनी।
फूलो देवी नेताम वर्तमान में छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं और बस्तर क्षेत्र की वरिष्ठ आदिवासी नेता के रूप में जानी जाती हैं। वर्ष 2020 में उन्हें पहली बार राज्यसभा भेजा गया था।
राज्यसभा चुनाव के गणित पर नजर डालें तो विधानसभा में भाजपा के पास 54 और कांग्रेस के पास 35 विधायक हैं। ऐसे में दो रिक्त सीटों में से एक कांग्रेस और एक भाजपा के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने भी अपनी ओर से महिला प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा को मैदान में उतारा है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि नामांकन प्रक्रिया के बाद राज्यसभा की इस चुनावी जंग में आगे क्या सियासी समीकरण बनते हैं।




