
रायपुर, 05 मार्च 26। छत्तीसगढ़ से खाली हो रही राज्यसभा की दो सीटों के लिए गुरुवार को नामांकन दाखिल किया गया। भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम ने अपना-अपना नामांकन दाखिल किया।
भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा के नामांकन में विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक प्रस्तावक बने। विधानसभा पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कैबिनेट मंत्री और विधायकों ने उनका स्वागत किया।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम ने भी विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधायक उमेश पटेल समेत कांग्रेस के कई विधायक और नेता मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटें खाली हो रही हैं। इनमें फूलोदेवी नेताम और केटीएस तुलसी का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। कांग्रेस ने इस बार भी फूलोदेवी नेताम पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा प्रत्याशी बनाया है।




