छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा, दुर्ग के बाद बलरामपुर में 5 एकड़ में उग रही थी फसल

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। दुर्ग जिले के बाद अब बलरामपुर जिले में भी बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती का खुलासा हुआ है। कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत त्रिपुरी के घोसरा गांव में करीब पांच एकड़ जमीन पर अफीम की खेती किए जाने की जानकारी सामने आई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और खेतों की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक बाहरी व्यक्ति ने जमीन लीज पर लेकर इस अवैध खेती को अंजाम दिया था। मामले के सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

मौके पर ही नष्ट की गई अफीम की फसल
प्रशासन को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की शिकायत मिल रही थी। इसी आधार पर कुसमी पुलिस ने राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए घोसरा गांव में दबिश दी। जांच के दौरान खेत में बड़ी संख्या में अफीम के पौधे पाए गए, जिन्हें प्रशासन ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

अवैध खेती से जुड़े लोगों की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और इस अवैध खेती में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद दोषियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान कुसमी के एसडीएम सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही।




