
पामगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पामगढ़ विधानसभा के कार्यकर्ताओं द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच फल एवं मिठाइयों का वितरण कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा और समर्पण की भावना के साथ मरीजों का हालचाल जाना तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। भाजपा नेता संतोष लहरे ने कहा कि जनसेवा ही भाजपा की मूल पहचान है और ऐसे अवसर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप यादव ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहायता पहुंचाना है। उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके जनहित एवं विकासोन्मुखी कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर भाजपा उपाध्यक्ष सुरेंद्र कश्यप, भाजपा कोषाध्यक्ष धनजीत सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष धीरेंद्र महिलांगे, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष मुकेश कश्यप, युवा मोर्चा मंत्री भूपेंद्र दीक्षित, लक्ष्मीकांत गौराहा, मनीष लहरे, प्रखर सिंह, चंद्रभान रात्रे, मिलाप राम वर्मा, किशन मरावी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




