छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

करही को मिली पुलिस सहायता केंद्र की सौगात, अब 24 घंटे मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता

SP विजय कुमार पाण्डेय ने किया शुभारंभ, विश्व पर्यावरण दिवस पर हुआ वृक्षारोपण

जांजगीर-चांपा, 05 जून 2026। जिले के थाना बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने एवं क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नवस्थापित पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) द्वारा किया गया। इस अवसर पर शक्ति जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, संयुक्त कलेक्टर अरुण सोम, जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

उद्घाटन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सहायता केंद्र के संचालन से क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी तथा ग्रामीणों को छोटी-बड़ी घटनाओं की सूचना एवं सहायता के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। केंद्र में पुलिस बल की 24 घंटे तैनाती रहेगी, जिससे आम नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पुलिस सहायता केंद्र का निरीक्षण कर स्टाफ को जनता के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह व्यवहार बनाए रखने तथा प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस सहायता केंद्र परिसर में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखरेख करने का संकल्प लिया गया।

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुलिस विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा और जनसुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!