छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने दबोचा

जांजगीर-चांपा 06 जून 2026। शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को कोतवाली जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष सिंह (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 9, भैंसो, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है।

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व वह घरेलू कार्य से जांजगीर आई थी। देर रात घर लौटने के दौरान आरोपी ने स्वयं को परिचित बताकर मोटरसाइकिल से घर छोड़ने की बात कही और इसी दौरान उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद आरोपी लगातार संपर्क में रहकर पीड़िता से दोस्ती बढ़ाने लगा।

आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर पीड़िता को जांजगीर स्थित एक होटल में ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। बाद में भी वह शादी का आश्वासन देकर तथा डराकर-धमकाकर लगातार उसका शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने विवाह की बात की तो आरोपी टालमटोल करने लगा।

परेशान होकर पीड़िता ने थाना कोतवाली जांजगीर में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव भैंसो से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर एवं महिला आरक्षक रेखा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!