डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रवाद के लिए जीवन समर्पित किया : विश्वनाथ प्रताप यादव

मुलमुला। भारतीय जनता पार्टी मण्डल मुलमुला द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्रहित में दिए गए अमूल्य योगदान का स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा मण्डल अध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में लागू विशेष व्यवस्था का विरोध करते हुए “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उद्घोष किया और राष्ट्रहित के लिए संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का त्याग, साहस और राष्ट्रनिष्ठा आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रसेवा, संगठन की मजबूती और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता सुखराम मधुकर, महामंत्री द्वय कौशल जोशी एवं किरण कुम्भकार, इंदु बंजारे, प्रहलाद साहू, चंदाराम कश्यप, शैलेंद्र सिंह चंदेल, धीरेंद्र महिलांगे, व्यास कश्यप, यशवंत सिंह, लक्ष्मीनारायण कश्यप, राजकमल कुम्भकार, चोलाराम कौशिक, मुनिराम साहू, सोहित कश्यप, हलधर सिंह, भारत मेहर, दिनेश गुप्ता, प्रकाश राजपूत, रामरतन पटेल सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




