कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शिकायतों के समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण करने कहा
सभी अधिकारी-कर्मचारी ई-अटेंडेंस अनिवार्य रूप से दर्ज करें, बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस होगा जारी
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता, सभी कार्यों की प्रगति निर्माण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश
एग्रीस्टेक पंजीयन सभी किसानों को कराना अनिवार्य, अभियान चलाकर शेष पंजीयन पूर्ण करना सुनिश्चित करे – कलेक्टर
स्वतंत्रता दिवस समारोह के गरिमामय आयोजन के संबंध में विभागों को दिये आवश्यक दिशा निर्देश
जांजगीर-चांपा 27 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों, शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर श्री महोबे ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन स्वयं शिकायतों की समीक्षा करें तथा प्रत्येक प्रकरण का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों के निराकरण में गुणवत्ता सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से सभी कार्यालयीन कार्यों का प्रभावी एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली के व्यापक उपयोग से कार्यों में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही बढ़ती है, इसलिए सभी अधिकारी ई-ऑफिस प्रणाली का नियमित एवं प्रभावी उपयोग करें।
कलेक्टर ने बैठक में सभी विभागों में ई-अटेंडेंस प्रणाली का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर नियमित रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों अथवा कर्मचारियों द्वारा बिना उचित कारण के ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं की जाएगी, उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विभाग प्रमुखों को ई-अटेंडेंस की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को दायित्व सौंपा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम गरिमामय रूप से आयोजित किया जाए और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण हों। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, परेड, बैठक व्यवस्था, साज-सज्जा, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा सहित अन्य सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ध्वजारोहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, शहीद परिवारों को सम्मान आदि के संबंध में निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा आवेदनों का निराकरण में समय सीमा में किया जाए। कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा संबंधित अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि विभागीय निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी एवं प्रगति जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। कलेक्टर ने पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर श्री आर. के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।




