छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर श्री महोबे ने ली लखपति दीदी पहल एवं ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना अंतर्गत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक

लखपति दीदियों ने साझा की सफलता की कहानी, कलेक्टर ने अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित

विभागीय योजनाओं के अभिसरण से ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा, 10 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत लखपति दीदी पहल एवं ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना अंतर्गत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक ली। बैठक में लखपति दीदी पहल की प्रगति, ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना के क्रियान्वयन, विभागीय अभिसरण तथा ग्रामीण महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।

बैठक में लखपति दीदियों ने अपने अनुभव और सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़कर विभिन्न गतिविधियों एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेते हुए किस तरह उनकी आजीविका में वृद्धि हुई और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ीं।

कलेक्टर श्री महोबे ने लखपति दीदियों की सफलता की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी अपनी गतिविधियों का विस्तार करने तथा अन्य महिलाओं को भी समूह से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने कहा। उन्होंने कहा कि सफल महिलाओं के अनुभव और उनकी कहानियां गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का माध्यम बन सकती हैं। कलेक्टर ने कहा कि लखपति दीदी पहल का उद्देश्य केवल महिलाओं की आय बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें स्थायी आजीविका से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके लिए विभिन्न विभागों की योजनाओं का प्रभावी अभिसरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण, ऋण, आजीविका गतिविधियों एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा ग्राम सभाओं में ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना के प्लान को शामिल कराने के संबंध में भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने समूह स्तर पर उपलब्ध राशि के उपयोग एवं आवश्यक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनपद एवं विभाग स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा। साथ ही ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को आजीविका के नए एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, उनकी आय में वृद्धि करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर के तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!