छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में जिले के नवनिर्मित आवास हितग्राहियों को मिलेंगी ‘खुशियों की चाबी’

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जांजगीर-चांपा के परिवारों का 11 सितम्बर को होगा गृह प्रवेश

 

जिले में दो वित्तीय वर्षों में 8,546 पीएम आवास पूर्ण

जांजगीर-चांपा, 10 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्के आवास का सपना पूरा होने के बाद जांजगीर-चांपा जिले के ग्रामीण परिवारों के जीवन में खुशियों की नई शुरुआत होने जा रही है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में 11 सितंबर को सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में पीएम आवास ग्रामीण के हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी जाएगी और उनके नए आशियाने में गृह प्रवेश कराया जाएगा।

जांजगीर-चांपा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण में लगातार प्रगति हुई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 3,444 तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 में 5,102 आवास पूर्ण किए गए हैं। इस प्रकार दोनों वित्तीय वर्षों में जिले में कुल 8,546 प्रधानमंत्री आवास पूर्ण हो चुके हैं। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में गृह प्रवेश को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अपने सपनों का पक्का घर पाने वाले हितग्राही इस अवसर पर उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जिले में जनपद पंचायतवार भी पीएम आवास पूर्ण होने की उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अकलतरा जनपद पंचायत में 1,634, बलौदा में 1,224, बम्हनीडीह में 1,043, नवागढ़ में 2,325 तथा पामगढ़ जनपद पंचायत में 2,320 आवास पूर्ण किए गए हैं। इस प्रकार दोनों वित्तीय वर्षों में जिले में कुल 8,546 प्रधानमंत्री आवास पूर्ण हुए हैं। हितग्राहियों के घर का उद्घाटन जेठा (सक्ती) में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री श्री विजय शर्मा सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे। कच्चे मकान से पक्के आशियाने तक का यह सफर ग्रामीण परिवारों के लिए केवल आवास मिलने की खुशी नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत है। योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को चरणबद्ध तरीके से पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।

अपना घर मिलने से चेहरे पर आएगी मुस्कान

पीएम आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का घर मिलने से जिले के ग्रामीण परिवारों के वर्षों पुराने सपने पूरे हो रहे हैं। गृह प्रवेश के अवसर पर परिवार अपने नए घर में सुख-समृद्धि और बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ प्रवेश करेंगे। खुशियों की चाबी महज एक चाबी नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों के लिए सुरक्षित छत, सम्मान और बेहतर जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!