थाना पामगढ़ पुलिस की सक्रियता से अनाचार के दो अलग-अलग मामलों में 02 आरोपी गिरफ्तार

एक आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर हरियाणा ले गया था, गुरुग्राम से सुरक्षित बरामद; दूसरे आरोपी ने प्रेम विवाह का झांसा देकर किया अनाचार
जांजगीर चांपा। नाबालिग बालिकाओं से संबंधित अनाचार के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में थाना पामगढ़ पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
पहला मामला — नाबालिग को बहला-फुसलाकर हरियाणा ले गया आरोपी
दिनांक 16.08.2026 की रात्रि नाबालिग बालिका के घर से लापता होने की सूचना पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 338/2026, धारा 137 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए नाबालिग बालिका को हरियाणा के गुरुग्राम क्षेत्र से सुरक्षित बरामद किया गया। जांच के दौरान मामले में आरोपी विष्णु पटेल, उम्र 23 वर्ष, निवासी सेन्दरी की संलिप्तता सामने आई। विवेचना में अनाचार की घटना पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
दूसरा मामला — प्रेम विवाह का झांसा देकर नाबालिग से अनाचार
दूसरे प्रकरण में दिनांक 22.09.2026 को नाबालिग पीड़िता द्वारा थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में उसकी पहचान आरोपी जशवंत जानू उर्फ ज्वाला, उम्र 25 वर्ष, निवासी जोरैला, थाना पामगढ़ से हुई थी।
आरोपी द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़िता से बातचीत कर प्रेम विवाह का झांसा दिया गया तथा उसके साथ जबरदस्ती अनाचार किया गया। पीड़िता के अनुसार घटना की जानकारी किसी को देने पर आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। पूछताछ एवं जांच में अपराध से संबंधित तथ्य सामने आने पर आरोपी जशवंत जानू उर्फ ज्वाला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
दोनों मामलों में पामगढ़ पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग पीड़िताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की गई तथा आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
उपरोक्त कार्रवाई में थाना पामगढ़ प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवशी एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



